मुंबई, 5 अक्टूबर। तेलुगु फिल्म उद्योग के मशहूर अभिनेता तेजा सज्जा ने अपनी नई फिल्म 'मिराय' के साथ दर्शकों के सामने वापसी की है, जो कि उनकी पहले की हिट फिल्म 'हनुमान' के बाद आई है। इस बार, फिल्म एक ऐसी दुनिया में ले जाती है जहां प्राचीन कथाएं, अलौकिक शक्तियां और आधुनिक सुपरहीरो का अनोखा मिश्रण देखने को मिलता है।
फिल्म ने न केवल सिनेमाघरों में दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया, बल्कि इसके एक्शन दृश्यों, शानदार विजुअल इफेक्ट्स और गहरी भावनाओं ने भी लोगों को प्रभावित किया। अब, यह फिल्म जल्द ही ओटीटी प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध होने जा रही है।
'मिराय' को दर्शकों ने सिनेमाघरों में काफी सराहा है, और अब जब यह ओटीटी पर आ रही है, तो यह उन दर्शकों तक भी पहुंचेगी जो इसे थिएटर में नहीं देख पाए। मेकर्स ने पुष्टि की है कि 'मिराय' 10 अक्टूबर 2025 को डिज्नी प्लस हॉटस्टार पर स्ट्रीम होगी। इसे तेलुगु, तमिल, कन्नड़ और मलयालम भाषाओं में देखा जा सकेगा, जबकि हिंदी संस्करण के लिए दर्शकों को थोड़ा और इंतजार करना होगा।
इस फिल्म का निर्देशन कार्तिक घट्टामनेनी ने किया है, और इसकी कहानी सम्राट अशोक के समय की है। कहानी में, अशोक युद्ध के कारण हुए नुकसान को देखते हुए अपनी शक्तियों को नौ पवित्र ग्रंथों में बांट देता है। इन ग्रंथों की रक्षा के लिए नौ योद्धाओं को जिम्मेदारी दी गई है। लेकिन एक खतरनाक तांत्रिक, महावीर लामा, इन ग्रंथों को अपने कब्जे में लेना चाहता है।
योगिनी अंबिका अपने पुत्र वेदा को त्याग देती है, जो अपनी मां की कोख में भगवान राम के शक्तिशाली अस्त्र 'मिराय' का ज्ञान प्राप्त कर चुका है। वेदा अपनी असली पहचान की खोज में निकलता है और उसे उन शक्तियों से लड़ना होता है जो पूरी दुनिया के अस्तित्व को खतरे में डाल सकती हैं। क्या वेदा अपने अतीत और शक्तियों को खोज पाएगा? क्या वह महावीर लामा को रोक सकेगा? इसका उत्तर फिल्म देखने पर ही मिलेगा।
'मिराय' को 'पीपल मीडिया फैक्टरी' के बैनर तले टीजी विश्व प्रसाद और कृति प्रसाद ने प्रोड्यूस किया है।
You may also like
महिला वर्ल्ड कप: पाकिस्तान चार विकेट के नुकसान पर 100 रन पार, मजबूत स्थिति में भारत
अब पटना में चलेगी मेट्रो, सीएम नीतीश सोमवार को दिखाएंगे हरी झंडी
महिला विश्व कप: मुनीबा अली को रन आउट दिए जाने के तरीके पर पाकिस्तान की कप्तान ने उठाए सवाल
उत्तरकाशी: तांबाखानी सुरंग मार्ग पर डंप हो रहा शहर का कचरा, स्थानीय लोग नाराज
चीनी विदेश मंत्री वांग यी इटली और स्विट्जरलैंज की यात्रा करेंगे